कितना मुश्किल कितना आसान
एक सज्जन से मुलाकात हुई। उनके पास विश्वविद्यालय की एक बड़ी डिग्री थी। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “मौलाना साहब, आप अंग्रेज़ी पत्रिका निकालते हैं, लेकिन आपकी पत्रिका की अंग्रेज़ी गलत होती है।” मैंने कहा, “आप ज़रा कोई उदाहरण दीजिए।” उस समय उनके हाथ में अल-रिसाला का मई 1986 का अंक था। इस अंक के टाइटल के पिछले पृष्ठ पर एक अंग्रेज़ी लेख छपा था (यह लेख अल-रिसाला में उर्दू और अंग्रेज़ी दोनों में छपा है)। वह अंग्रेज़ी लेख यह था:
To spread the word of God is the highest form of charity. It appeals to the mind, the heart, the soul. That being the earnest endeavour of this magazine, how noble-spirited it would be of you, dear readers, if you sent it on regularly to friends and relatives. Make a gift of it. Think of a whole year’s subscription as being both a delightful present and a contribution to a worthy cause.
उन सज्जन ने इस लेख की चौथी पंक्ति में sent शब्द पर निशान लगाकर कहा, “देखिए, यह गलत है। यहाँ if you send होना चाहिए, न कि if you sent जैसा आपने लिखा है।” लेकिन जो लोग अंग्रेज़ी भाषा से भलीभाँति परिचित हैं, वे जानते हैं कि यह आपत्ति सही नहीं है।
मैंने उत्तर दिया, “माफ कीजिए, आपने यह बात सिर्फ़ आपत्ति करने के जोश में कही है, ज्ञान के आधार पर नहीं। आपने अपनी इस आपत्ति की जाँच के लिए व्याकरण (grammar) का अध्ययन नहीं किया, वरना आप यह बात कभी न कहते।”
मैंने स्पष्ट किया कि यहाँ मुख्य वाक्य (principal clause) में would (दूसरा रूप) का प्रयोग हुआ है, इसलिए उपवाक्य (subordinate clause) में भी sent (दूसरा रूप) का प्रयोग किया जाएगा। यही अंग्रेज़ी व्याकरण (ग्रामर) का नियम है:
The form ‘sent’ is grammatically necessitated by the use of the word ‘would’ in the principal clause of the sentence. The other possible alternative would be ‘could send’ but not ‘send’.
मेरे इस उत्तर के बाद वे सज्जन चुप हो गए। लेकिन उन्होंने ज़ुबान से अपनी गलती नहीं मानी। दूसरे को कहना कि “तुम ग़लत हो”—कितना आसान है, और अपने बारे में कहना कि “मैं ग़लत हूँ”—कितना मुश्किल।
