ज्ञान का महत्व
थॉमस जेफरसन (Thomas Jefferson) अमेरिका के तीसरे राष्ट्रपति थे। उनका जन्म 1743 में हुआ और 1826 में उनका निधन हुआ। वे 1801 से 1809 तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे। जेफरसन अत्यंत योग्य व्यक्ति थे। वे अंग्रेज़ी, लैटिन, यूनानी, फ़्रेंच, स्पेनी, इतालवी और एंग्लो-सैक्सन भाषाएँ जानते थे। इतिहासकारों ने उनके बारे में लिखा है कि वे असाधारण रूप से विद्वान व्यक्ति थे।
He was an extraordinary, learned man (Encylopedia Britannica, Vol. 10, p. 130).
उन्होंने अपने लंबे जीवन में दर्शनशास्त्र और विज्ञान से लेकर धर्म तक लगभग सभी विषयों का गहरा अध्ययन किया। अपने जीवन के अंतिम दिनों में उन्होंने बाइबल का विश्लेषण करने की कोशिश की ताकि यह पता चल सके कि यीशु ने वास्तव में क्या कहा था और लोगों ने उनके बारे में क्या कहा।
He attempted an analysis of the New Testament to discover what Jesus really said, as distinguished from what he was reported to have said.
जेफरसन ने अपनी वसीयत में कहा था कि उनकी मृत्यु के बाद उनकी कब्र पर जो पत्थर (कत्बा) लगाया जाए उसमें यह न लिखा जाए कि वे अमेरिका के राष्ट्रपति थे, बल्कि यह लिखा जाए कि वे वर्जीनिया विश्वविद्यालय के संस्थापक थे। उनकी इच्छा के अनुसार, उनकी कब्र (Monticello) पर यह शब्द अंकित हैं:
“Here was buried Thomas Jefferson...father of the University of Virginia.” (Encyclopedia Britannica, खण्ड. 10, पृष्ठ 131).
वास्तव में, ज्ञान सबसे बड़ी संपत्ति है। जो लोग ज्ञान के महत्व को समझ लेते हैं, उन्हें अमेरिका के राष्ट्रपति पद जैसी ऊँची पदवी भी छोटी लगती है। ज्ञान ऐसी संपत्ति है जिससे मनुष्य कभी ऊबता नहीं, जिसकी कोई सीमा नहीं। ज्ञान हर क्षेत्र में उपयोगी है। यह सफलता की सीढ़ी है। ज्ञान से मनुष्य को वह चेतना मिलती है, जिससे वह संसार को समझ सके और बातों की गहराई में उतर सके। ज्ञान ऐसा सिक्का है जिससे आप संसार की हर वस्तु खरीद सकते हैं। ज्ञान हर प्रकार की उन्नति का रहस्य है—व्यक्ति के लिए भी और राष्ट्र के लिए भी। जिसके पास ज्ञान है, उसके पास सब कुछ है।
अब्दुर्रहमान अंतुले (बैरेस्टर एट लॉ और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री) ने 5 फरवरी 1987 की एक भेंट में एक घटना सुनाई। यह लगभग 1954 की बात है जब वे लंदन की काउंसिल ऑफ लीगल एजुकेशन में कानून के विद्यार्थी थे। एक दिन उनके अंग्रेज़ प्रोफेसर ने एक कानूनी विषय समझाते हुए यह घटना बताई।
एक बड़ा औद्योगिक कारखाना अचानक बंद हो गया। वहाँ के इंजीनियर उसे चलाने में असमर्थ रहे। अंत में एक बड़े विशेषज्ञ को बुलाया गया। वह आया, उसने पूरे कारखाने का निरीक्षण किया और एक जगह रुक गया। उसने कहा कि एक हथौड़ा लाओ। हथौड़ा लाया गया तो उसने एक स्थान पर एक चोट की, और मशीन चलने लगी।
उस विशेषज्ञ ने बाद में 100 पाउंड का बिल भेजा। कारखाने के प्रबंधक को यह बहुत अधिक लगा। उसने पत्र लिखकर कहा कि आपने तो केवल एक चोट की, फिर इतना बड़ा बिल कैसे? कृपया विवरण दें।
Please furnish my client with further and better particulars.
विशेषज्ञ ने उत्तर दिया: “99 पाउंड और 19 शिलिंग यह जानने के लिए हैं कि ख़राबी कहाँ है, और एक शिलिंग उस सही जगह पर हथौड़ा चलाने के लिए।”
99.19 to diagnose the disease and one shilling to pick up the hammer and to strike at the right spot.
इस संसार में सबसे अधिक मूल्य ज्ञान का है। यदि सौ में एक हिस्सा मेहनत का है तो बाक़ी निन्यानवे ज्ञान का मूल्य है।
महरूमी के बाद भी
सैम्युअल बटलर (Samuel Butler) उन्नीसवीं सदी के प्रसिद्ध अंग्रेज़ लेखक थे। उन्होंने लिखा है कि जीवन उस कला का नाम है जिसमें अधूरे कारणों से पूरे नतीजे निकाले जाएँ—
“Life is the art of drawing sufficient conclusions from insufficient premises.”
सैमुअल बटलर ने यह बात अपनी समझ के आधार पर कही है, लेकिन ज़िंदगी के बारे में शरीअत ने जो बताया है, वह भी यही बात कहती है। कुरआन में बताया गया है कि इस दुनिया के सिस्टम में अल्लाह ने आसानी के साथ मुश्किल को जोड़ा है—“निश्चित रूप से हर कठिनाई के साथ आसानी है” (94:6)। एक बार रसूलुल्लाह (सल्ल०) ने एक पहाड़ी रास्ता देखा जिसका नाम लोगों ने “अज़-ज़ैक़ा” (कठिन) रखा था। आपने कहा, “नहीं, इसका नाम ‘अल-युसरा’ (आसान) है।” (मग़ाज़ी अल-वाक़िदी, खण्ड 3, पृष्ठ 925) मतलब इस्लाम की शिक्षा यह है कि इंसान मुश्किल में भी आसानी को ढूंढे, यानी कठिन रास्ते को आसान की नज़र से देख सके। पैग़ंबर मुहम्मद (सल्ल०) की ज़िंदगी इस बात की सबसे बड़ी मिसाल है। आपको बहुत सी सख्त परेशानियाँ आईं, लेकिन आपने समझदारी और हिम्मत से उन्हें अपने हक़ में आसान बना लिया। आपने नुक़सान की स्थिति को फ़ायदे में बदल दिया। एक विदेशी लेखक मिस्टर ई. ई. केलट ने आपकी इसी खूबी का ज़िक्र करते हुए लिखा है कि उन्होंने मुश्किलों का सामना इस इरादे से किया कि नाकामी से भी कामयाबी निकालें।
“He faced adversity with the determination to wring success out of failure.” (A Short History of Religion, p. 334)
दुनिया में एक तरफ़ इंसान है जो दूसरे इंसान के लिए मुश्किलें पैदा करता है, और दूसरी तरफ़ खुदा का बनाया हुआ सिस्टम है जिसने हर मुश्किल के साथ उसका हल भी रख दिया है। ऐसे में अगर कोई इंसान मुश्किलों पर शोर मचाए, तो इसका मतलब यह है कि उसने सिर्फ इंसान के काम को देखा, खुदा के काम को नहीं देखा। अगर वह खुदा के काम को देखता तो शिकायत करने के बजाय उसे काम में लाने की कोशिश करता। इस दुनिया में हर नाकामी के बाद एक नई कामयाबी की संभावना बनी रहती है। ज़रूरत सिर्फ इस बात की है कि इंसान उस मौक़े को पहचान कर फिर से खुद को कामयाब बना ले।
अल-रिसाला (दिसंबर 1988) में कनाडा के खिलाड़ी बेन जॉनसन की कहानी छपी थी, जिसका शीर्षक था “कृत्रिम सफलता”। दौड़ के अंतरराष्ट्रीय मुक़ाबले में उसने पहला स्थान पाया, लेकिन अगले ही दिन उसका गोल्ड मेडल छीन लिया गया और उस पर दो साल तक खेलों में हिस्सा लेने पर पाबंदी लगा दी गई। यह उसकी ज़िंदगी का बहुत बड़ा झटका था। लेकिन उसने “ज़ालिम जजों” के खिलाफ़ समय बर्बाद नहीं किया, बल्कि फिर से मेहनत करने की योजना बनाई।
इटली के टीवी नेटवर्क ने नवंबर 1988 में टोरंटो में बेन जॉनसन का इंटरव्यू लिया। टाईम्स ऑफ इंडिया (29 नवंबर 1988) के मुताबिक, इंटरव्यू में वह रोते हुए बोला कि उसने जानबूझकर खेल के नियमों का कोई उलंघन नहीं किया, और वह अब भी ट्रेनिंग कर रहा है। उसका सपना है कि 1992 में बार्सिलोना ओलंपिक में वापस लौटे। उसने कहा कि उसका रिकॉर्ड 13 साल की लगातार मेहनत का नतीजा था। वह बहुत दुखी था, और सीयोल ओलंपिक के बाद आए कठिन समय का ज़िक्र करते हुए फूट-फूट कर रो पड़ा। इंटरव्यू लेने वाले गियानी मीनोली (Gianni Minoli) ने बताया कि शूटिंग पाँच मिनट के लिए रोकनी पड़ी क्योंकि वह सिसकियों पर काबू नहीं रख सका। बेन जॉनसन ने कहा कि वह हफ्ते में छह दिन, रोज़ चार घंटे ट्रेनिंग कर रहा है। उसने कहा, “मेरा काम सिर्फ दौड़ना है, बैठ कर सोचने का नहीं। मेरी इच्छा है कि मैं फिर से मुकाबले में उतरूं। उन्होंने मुझसे मेरा गोल्ड मेडल लिया है, मेरी रफ्तार नहीं।”
They have taken away my gold medal, not my speed.
छीनने वाला आपकी कोई चीज़ छीन सकता है, लेकिन ख़ुद आप को नहीं। आपकी असली क्षमता और योग्यता फिर भी आपके पास रहती है। उसे काम में लाइए, और हर कमी के बाद अपनी नई कहानी खुद बनाइए।
